जयपुर, 26 फरवरी (भाषा) राजस्थान विधानसभा में बृहस्पतिवार को कांग्रेस विधायकों ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के एक उत्तर पर असंतोष जताते हुए हंगामा किया, फलस्वरूप सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए सीकर जिले में खेल मैदान से जुड़ा एक मुद्दा उठाया। इसके जवाब में शिक्षा मंत्री दिलावर ने मामले में सरकार का पक्ष रखा।
उन्होंने यह भी कहा,‘‘आखिर में उसी जमीन पर आपकी क्यों निगाह है? क्या आपके मिलने वाले (आपके परिचित) उस जमीन पर कब्जा तो नहीं करना चाहते?’’
पारीक ने शिक्षा मंत्री की टिप्पणी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा,‘‘मुझे खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि शिक्षा मंत्री मानसिक रूप से भ्रमित हैं। मानसिक रूप से भ्रमित नहीं होने वाला व्यक्ति यदि इस तरह का जवाब देता है तो मुझे बहुत खेद है।’’
इसके बाद पारीक एवं विपक्षी कांग्रेस के विधायकों ने शिक्षा मंत्री के उत्तर पर असंतोष जताया। उन्होंने आसन के समीप आकर शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इस पर अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
सदन के दोबारा बैठने पर अन्य विधायी कार्य हुए।
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार