हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो लोगों की मौत, दो घायल

Ads

हैदराबाद में निर्माणाधीन इमारत ढहने से दो लोगों की मौत, दो घायल

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 10:40 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 10:40 PM IST

हैदराबाद, 22 अगस्त (भाषा) हैदराबाद के गचीबोवली इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत के ढह जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

तेलंगाना अग्निशमन विभाग ने बताया कि ये घटना अपराह्न करीब एक बजे गचीबोवली के अंजया नगर में हुई।

बचाव अभियान में शामिल एक दमकल अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि ढही हुई इमारत का मलबा हटाने के दौरान दो शव बरामद किए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि हादसे के दौरान मलबा पास की एक इमारत पर गिरने से उसमें मौजूद दो लोग घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरी हुई इमारत का असर पास की एक और इमारत पर भी पड़ा, इसलिए अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित ब्लॉक के निवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जगह खाली करने को कहा।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश के रहने वाले ये दोनों मृतक टाइल लगाने का काम करने वाले मजदूर थे।

पुलिस ने बताया कि जमीन के मालिक और बिल्डिंग ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश