राजस्थान : कांग्रेस नेताओं ने ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा

Ads

राजस्थान : कांग्रेस नेताओं ने ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - May 15, 2026 / 02:42 PM IST,
    Updated On - May 15, 2026 / 02:42 PM IST

जयपुर, 15 मई (भाषा) राजस्थान में कांग्रेस के नेताओं ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर शुक्रवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह बढोतरी पहले से ही तय थी लेकिन कई राज्यों में विधानसभा चुनाव पूरे होने तक के लिए ‘‘इसे जानबूझकर टाल’’ दिया गया था।

कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘आज से ‘महंगाई मैन’ पांच दिन विदेश की वादियों में ‘राष्ट्रचिंतन’ करने निकल पड़े हैं…बाकी देशहित में योगदान अब जनता करेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘…जाते-जाते नयी आर्थिक नीति समझा गए हैं कि पेट्रोल-डीजल महंगा हो तो टंकी फुल मत करवाइए… हर लीटर पर तीन-तीन रुपये का योगदान करके देश को आत्मनिर्भर बनाइए।’’

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी पेट्रोल-डीजल के दाम में बढोतरी की आलोचना की और आरोप लगाया कि दाम बढ़ाना पहले से ही तय था बस इसे विधानसभा चुनाव होने तक टाला गया था।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘यह पहले से ही तय था-वोट लो, फिर कीमत बढ़ाओ। पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दामों में तुरंत तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई।’’

पायलट ने कहा, ‘‘पहले जनता को लुभाने के लिए दामों को बढ़ाया नहीं, चुनाव समाप्त हुए तो बोझ जनता की जेब पर डाल दिया।’’

भाषा पृथ्वी मनीषा खारी

खारी