राजस्थान: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, प्रधान के इस्तीफे की मांग
राजस्थान: नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, प्रधान के इस्तीफे की मांग
जयपुर, 21 मई (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई ने मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट- यूजी) के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर यहां बृहस्पतिवार को विरोध प्रदर्शन किया।
बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय की ओर रैली निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।
कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से पैदल मार्च निकाला। वे शहीद स्मारक होते हुए रैली के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे और हाथों में तख्तियां व बैनर लिए हुए थे।
शहीद स्मारक के पास पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात किए और बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। जब कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और उन्हें लांघकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने डोटासरा को अपने कंधों पर उठा लिया।
पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास शहीद स्मारक के पास पुलिस कमिश्नरेट के सामने धरने पर बैठ गए।
इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुईं। उन्होंने गीत गाकर तथा डफली बजाकर प्रदर्शन किया। कुछ युवा भी मेडिकल छात्रों की वेशभूषा में इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
विरोध प्रदर्शन के बाद, मामूली चोटिल कुछ कार्यकर्ताओं को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डोटासरा और जूली सहित वरिष्ठ नेताओं ने अस्पताल का दौरा किया और उनसे मुलाकात की।
रैली से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डोटासरा ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में बार-बार हो रही अनियमितताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) पर से जनता का भरोसा खत्म कर दिया है।
उन्होंने कहा, “एनटीए को भंग किया जाना चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।”
डोटासरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मामले में जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मामले की सीबीआई जांच अदालत की निगरानी में होनी चाहिए।
कांग्रेस ने दावा किया कि नीट-यूजी का प्रश्नपत्र लीक होने से करीब 22 लाख छात्रों के भविष्य पर असर पड़ा है।
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ नेता इस रैली में शामिल हुए।
वर्ष 2026 के लिए तीन मई को आयोजित नीट (यूजी) प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच दो दिन बाद रद्द कर दी गई थी। केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच का जिम्मा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपा है।
भाषा पृथ्वी मनीषा संतोष
संतोष
संतोष

Facebook


