राजस्थान: 304 निकायों में उपमहापौर, उपाध्यक्ष और उपसभापति चुने गए
राजस्थान: 304 निकायों में उपमहापौर, उपाध्यक्ष और उपसभापति चुने गए
जयपुर, 22 सितंबर (भाषा) राजस्थान में महापौर, सभापति और अध्यक्ष के चुनाव के एक दिन बाद मंगलवार को 304 शहरी स्थानीय निकायों में उपमहापौर, उपसभापति और उपाध्यक्ष चुने गये।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 304 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई है।
आयोग ने बताया कि अजमेर नगर निगम में हेमंत सांखला, अलवर नगर निगम में अजय कुमार और भरतपुर में अंबिका सैनी उपमहापौर चुनी गईं।
भीलवाड़ा में राधेश्याम सोमानी निर्विरोध उपमहापौर चुने गए।
बीकानेर में पंकज गहलोत, पाली में महबूब जबकि उदयपुर में दिनेश चंद्र भट्ट उपमहापौर निर्वाचित हुए।
इन शहरी स्थानीय निकायों में सोमवार को महापौर, सभापति और अध्यक्ष के चुनाव हुए थे।
इस बीच, राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुके 304 शहरी स्थानीय निकायों के नगरपालिका क्षेत्रों से आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से हटा ली।
जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम तथा सुकेत और खाटूश्यामजी नगरपालिकाओं में चुनाव प्रक्रिया अभी जारी है।
इन पांच निकायों में अगले आदेश तक आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


