राजस्थान : भीलवाड़ा, बीकानेर और फलौदी में 66.50 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त
राजस्थान : भीलवाड़ा, बीकानेर और फलौदी में 66.50 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त
जयपुर, 16 मार्च (भाषा) राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ निरोधक कार्य बल (एएनटीएफ) ने प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन अलग-अलग जिलों में बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस ने इस दौरान भारी मात्रा में डोडा पोस्त, अफीम और अफीम के पौधे बरामद किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 66.50 लाख रुपये आंकी गई है।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पहली बड़ी कार्रवाई भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (जयपुर-चित्तौड़गढ़ राजमार्ग) पर की गई। यहां टीम ने पंजाब की ओर जा रही एक एसयूवी और एक बिना नंबर की कार को रुकवाया। तलाशी के दौरान इन वाहनों से 414 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस मामले में लुधियाना निवासी अरुण सिंह (20) और मोगा निवासी अनमोल सिंह (17) को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई बीकानेर के रणजीतपुरा थाना क्षेत्र के दंडकला रोही गांव में हुई। सूचना मिली थी कि एक किसान ने अपने चने के खेत के बीच अवैध रूप से अफीम की फसल उगा रखी है। टीम ने खेत से अफीम के 92 पौधे बरामद किए और उन्हें नष्ट किया। पुलिस ने इस मामले में खेत के मालिक गेनाराम जाट (55) को पकड़ा।
एएनटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि तीसरी कार्रवाई फलौदी जिले में की गई, जहां टीम ने प्रशिक्षित श्वान की मदद से जगदीश विश्नोई नामक तस्कर के घर पर दबिश दी। श्वान की सहायता से घर में काले रंग की थैली में छिपाकर रखा गया 44.60 ग्राम अफीम और 498.20 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। मामले में आरोपी जगदीश राम विश्नोई (56) को गिरफ्तार किया है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


