राजस्थान : अजमेर में ट्रेलर की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, चार अन्य घायल

Ads

राजस्थान : अजमेर में ट्रेलर की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, चार अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 09:24 PM IST

जयपुर, दो अगस्त (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में ब्यावर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर थाना क्षेत्र में रविवार को एक ट्रेलर की टक्कर से पिकअप वाहन में सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सभी लोग अजमेर जिले के अजयसर क्षेत्र के निवासी हैं और धोलादाता गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।

सदर थाना प्रभारी गजराज ने बताया कि अजयसर निवासी बाबू (40), उनके पुत्र इमरान (20), हमीद, जमीला, सकीना और लाखीना पिकअप वाहन से धोलादाता गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रेलर ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय पहुंचाया।

चिकित्सकों ने जांच के बाद बाबू और उनके पुत्र इमरान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमीद, जमीला, सकीना और लाखीना को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य करवाया।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत