नेपाल त्रासदी के बाद राजस्थान सरकार ने पशुपतिनाथ यात्रा 31 अगस्त तक स्थगित की

नेपाल त्रासदी के बाद राजस्थान सरकार ने पशुपतिनाथ यात्रा 31 अगस्त तक स्थगित की

नेपाल त्रासदी के बाद राजस्थान सरकार ने पशुपतिनाथ यात्रा 31 अगस्त तक स्थगित की
Modified Date: August 27, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: August 27, 2026 7:20 pm IST

जयपुर, 27 अगस्त (भाषा) नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बने हालात को देखते हुए राजस्थान सरकार ने ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा’ योजना के तहत पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी है। बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काठमांडू की हवाई यात्रा 31 अगस्त तक रोक दी गई है।

देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के लिए वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सेहत पहली प्राथमिकता है। नेपाल में आई इस भीषण त्रासदी के बाद वहां के हालात और बुनियादी ढांचा भी प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि ऐसे में वरिष्ठ तीर्थयात्रियों को किसी तरह की असुविधा या खतरा न हो, इसलिए यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित की गई है।

वर्ष 2026-2027 के तहत छह हजार बुजुर्गों को पशुपतिनाथ, काठमांडू की यात्रा करवाई जा रही है। अब तक एक हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक यात्रा कर चुके हैं। कई जिलों से गए यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। त्रासदी की जगह से काठमांडू लगभग 100 किलोमीटर की दूरी पर है।

मंत्री कुमावत ने राजस्थान के वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि तीर्थयात्रियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। देवस्थान विभाग नेपाल के मौसम, सुरक्षा और वहां के हालात पर लगातार नजर रख रहा है।

उन्होंने कहा कि परिस्थितियां सामान्य और सुरक्षित होते ही यात्रा को नए कार्यक्रम के अनुसार फिर शुरू किया जाएगा।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक


लेखक के बारे में