राजस्थान : पाली में पंजाब निर्मित बीयर की बड़ी खेप बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान : पाली में पंजाब निर्मित बीयर की बड़ी खेप बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 14 मई (भाषा) राजस्थान के पाली जिले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से पंजाब निर्मित बीयर के 1130 कार्टन बरामद किए। जब्त की गयी बीयर की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने बताया कि थाना प्रभारी हनुवंत सिंह सिसोदिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से एक कंटेनर में भारी मात्रा में बीयर भरकर गुजरात भेजी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिछले तीन दिनों से अलग-अलग स्थानों पर निगरानी रखी थी। बृहस्पतिवार दोपहर सोजत की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर को 72 फुट बालाजी मंदिर के पास रोककर जांच की गई। चालक ने शुरुआत में दवाइयों की बिल्टी दिखाई, लेकिन संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कंटेनर में बीयर के कार्टन भरे हुए पाए गए, जिसे अहमदाबाद ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र के ईंदासर गांव निवासी सुखवीर (26) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसे एक ट्रिप के लिए 35 हजार रुपये दिए जाते थे। तस्करों ने उसे आश्वासन दिया था कि पकड़े जाने की स्थिति में उसे छुड़ाने का पूरा खर्च वे उठाएंगे।
पुलिस मामले की जांच कर तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत

Facebook


