राजस्थान: ‘डमी’ अभ्यर्थी बनकर उच्च न्यायालय एलडीसी भर्ती परीक्षा देने का आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान: ‘डमी’ अभ्यर्थी बनकर उच्च न्यायालय एलडीसी भर्ती परीक्षा देने का आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, आठ जुलाई(भाषा) राजस्थान उच्च न्यायालय एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 में ‘डमी’ अभ्यर्थी बनकर इम्तिहान देने के आरोपी को विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जालोर जिले के झाब थाना क्षेत्र के आखेरी गांव के निवासी महेंद्र कुमार बिश्नोई (30) ने असली अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देकर उसे धोखाधड़ी से सरकारी नौकरी दिलवाई थी।
अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 का आयोजन 19 मार्च 2023 को हुआ था।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि महेंद्र ने दौसा के श्रीरामकरण जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में महुवा के टिकरी के निवासी वास्तविक अभ्यर्थी ब्रजेश कुमार मीणा के स्थान पर परीक्षा दी थी।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि परीक्षा के बाद राजस्थान उच्च न्यायालय में एलडीसी पद पर ब्रजेश का चयन हो गया और बाद में उसकी नियुक्ति धौलपुर में एसीजेएम कोर्ट, बाड़ी में हुई, लेकिन एसओजी जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद न्यायालय के आदेश से उसे सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
अतिरिक्त महानिदेशक ने बताया, पूछताछ के दौरान ब्रजेश ने स्वीकार किया कि उसकी जगह महेंद्र कुमार ने डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा दी थी।
उन्होंने कहा कि फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेज के जरिए परीक्षा देकर सरकारी नौकरी हासिल की गई थी।
पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लांबा ने बताया कि एसओजी की जांच में यह भी पता चला कि आरोपी महेंद्र ने प्राध्यापक (स्कूल शिक्षा-हिंदी) भर्ती परीक्षा-2022, वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 तथा वरिष्ठ अध्यापक (संस्कृत शिक्षा) भर्ती परीक्षा-2022 में भी डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दी थी।
लांबा ने कहा कि इन मामलों की भी जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब
जोहेब

Facebook


