कोटा (राजस्थान) आठ दिसंबर (भाषा) ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के राजस्थान से गुजरने के दौरान बृहस्पतिवार को यहां कोटा पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया गया।
यात्रा के 92वें दिन राहुल ने 24 किलोमीटर की पदयात्रा की। यात्रा सुबह छह बजे कोटा के जगपुरा स्थित सूर्यमुखी हनुमान मंदिर से शुरू हुई और 24 किलोमीटर की यात्रा के बाद भड़ाना गांव में एक दिन के विश्राम के बाद समाप्त हुई। यह 10 दिसंबर को फिर से शुरू होगी।
राहुल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ पदयात्रा की। इसे देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर और रास्ते में मकानों की छतों पर एकत्र हो गए।
राहुल की एक झलक पाने और उनका अभिवादन करने के लिए कोटा पहुंचे लोगों, लोक कलाकारों के समूह को मार्ग में कई स्थानों पर देखा गया, जो वायनाड के सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के होर्डिंग, बैनर और पोस्टर से सजे हुए थे।
राज्य में मंत्री और कोटा (उत्तर) से विधायक शांति धारीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों द्वारा राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। किसी अन्य नेता का यहां इतना भव्य स्वागत कभी नहीं हुआ।’’
धारीवाल ने कहा, ‘‘राहुल गांधी का बलिदान देखिए, आजादी के बाद से किसी ने 3,700 किलोमीटर की यात्रा की है क्या?’’
भाषा सुरभि सुभाष
सुभाष