राजस्थान: सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘समाधान कक्ष’ शुरू

राजस्थान: सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘समाधान कक्ष’ शुरू

राजस्थान: सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘समाधान कक्ष’ शुरू
Modified Date: February 25, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: February 25, 2026 9:59 pm IST

जयपुर, 25 फरवरी (भाषा) राजस्थान में पेंशन, छात्रवृत्ति और पालनहार जैसी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की समस्याओं को अब सीधे अधिकारी सुनेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने इसके लिए अंबेडकर भवन स्थित मुख्यालय में ‘हेल्प डेस्क (समाधान कक्ष)’ शुरू किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस समाधान कक्ष में रोजाना अलग-अलग योजनाओं से संबंधित उप निदेशक बैठेंगे और वे लाभार्थियों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करवाएंगे, फलस्वरूप विभाग में आने वाले लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि बुधवार को विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समाधान कक्ष की कार्यप्रणाली, समस्या दर्ज करने की प्रक्रिया और त्वरित निस्तारण के बारे में तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रायोगिक तौर पर समाधान कक्ष को शुरू कर दिया गया है, जल्द ही इसे स्थायी रूप से लागू किया जाएगा।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक आशीष मोदी ने बताया कि जब वह माध्यमिक शिक्षा विभाग में निदेशक थे तब इसी प्रकार का नवाचार किया गया था , फलस्वरूप विभागीय कार्यक्षमता में सुधार देखने को मिला था।

उन्होंने कहा, ” आगामी समय में सामाजिक न्याय विभाग में और भी कई नवाचार लागू किए जाएंगे, ताकि लाभार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में समाधान उपलब्ध कराया जा सकेगा और जवाबदेहिता सुनिश्चित होगी।”

निदेशक ने बताया कि समाधान कक्ष में रोजाना सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे तक उप निदेशक मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक दिन पेंशन शाखा, दूसरे दिन छात्रवृत्ति और तीसरे दिन पालनहार व अन्य योजनाओं के प्रभारी अधिकारी बैठेंगे।

भाषा बाकोलिया

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में