राजस्थान: पुलिस के साथ मुठभेड़ में संदिग्ध तस्कर की मौत
राजस्थान: पुलिस के साथ मुठभेड़ में संदिग्ध तस्कर की मौत
जयपुर, 13 फरवरी (भाषा) राजस्थान के पाली जिले में बृहस्पतिवार देर रात को पुलिस के साथ हुई गोलीबारी में संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थ रोधी कार्यबल (एएनटीएफ) को दो गाड़ियों में नशीले पदार्थ की तस्करी की जानकारी मिली थी। टीम ने संदिग्ध वाहनों का पीछा करना शुरू कर दिया।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक (आईजी) विकास कुमार ने कहा कि एक संदिग्ध वाहन भागने में कामयाब रहा लेकिन पुलिस ने दूसरे वाहन को रोकने के लिए सड़क पर ‘स्पाइक स्ट्रिप’ लगा दी जिससे उसके टायर पंचर हो गए।
महानिरीक्षक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘कार में सवार आरोपियों ने टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। एएनटीएफ की जवाबी गोलीबारी में भुट्टो नामक 36 वर्षीय व्यक्ति को गोली लगी और उसकी मौत हो गई।’’
उसे पाली के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि टीम ने वाहन से नशीला पदार्थ (डोडा चूरा), एक पिस्तौल और कई कारतूस बरामद किए। उन्होंने कहा कि उसी वाहन में सवार एक अन्य युवक को हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भुट्टो 2023 में राजसमंद में पुलिस पर गोलीबारी समेत कई मामलों में वांछित था।’’
भाषा पृथ्वी अमित सुरभि
सुरभि

Facebook


