राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस के अज्ञात वाहन से टकरा जाने से दो की मौत, 12 यात्री घायल
राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस के अज्ञात वाहन से टकरा जाने से दो की मौत, 12 यात्री घायल
कोटा, 28 नवंबर (भाषा) राजस्थान के कोटा में शुक्रवार तड़के दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक निजी स्लीपर बस की अज्ञात वाहन से टक्कर होने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और 12 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा तड़के करीब साढ़े चार बजे कैथून थाना क्षेत्र के अरण्डखेड़ा गांव के पास हुआ, जब कम से कम 42 यात्रियों को लेकर दिल्ली से इंदौर जा रही बस अपने आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गई।
कैथून के वृत्त निरीक्षक (सीआई) संदीप शर्मा ने बताया कि बस कथित रूप से तेज रफ्तार में चल रही थी, हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अधिकारी ने बताया कि बस चालक कोटा के मंडाना गांव निवासी गिरिराज रेबारी (40) और सह-चालक कोटा शहर के बोरखेड़ा निवासी श्यामसुंदर सैन (36) की मौके पर ही मौत हो गई तथा शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
उन्होंने बताया कि घायल 12 यात्रियों का कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
भाषा
खारी सुरेश
सुरेश

Facebook


