कांग्रेस संगठन में फेरबदल, राजेंद्र पाल गौतम बनाए गए उत्तर प्रदेश के प्रभारी

Ads

कांग्रेस संगठन में फेरबदल, राजेंद्र पाल गौतम बनाए गए उत्तर प्रदेश के प्रभारी

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 09:45 PM IST

नयी दिल्ली, 26 जून (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने संगठन में फेरबदल करते हुए राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश, संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को ओडिशा का प्रभारी नियुक्त किया।

इसके साथ ही, भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. को कांग्रेस के अग्रिम संगठन सेवा दल का मुख्य संगठक (प्रमुख) नियुक्त किया गया है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की।

दलित समुदाय से आने वाले गौतम को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने मिले राज्य का प्रभार सौंपा गया है।

दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार में मंत्री रहे गौतम सितंबर, 2024 में कांग्रेस में शामिल हुए थे और इसके कुछ महीने बाद ही उन्हें पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग का अध्यक्ष बनाया गया था।

गौतम को अविनाश पांडे के स्थान पर उत्तर प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पांडे इससे पहले राजस्थान और झारखंड प्रभारी की भूमिका निभा चुके थे।

गौतम ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का आभार जताया और कहा कि वह नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘मेरा मकसद यही है कि खरगे जी और राहुल जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को फिर से मजबूत किया जाए और भाजपा की बहुजन विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर किया जाए।’

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के बहुजन राहुल गांधी को अपने नेता के रूप में देख रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है।

हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद को हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

हरिप्रसाद के स्थान पर हरियाणा के प्रभारी बनाए गए संजय दत्त अब तक पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और मध्य प्रदेश के लिए सह प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे।

अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है।

श्रीनिवास को लालजी देसाई के स्थान पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है।

श्रीनिवास कोविड महामारी के समय बहुत सारे लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने के कारण ‘ऑक्सीजन मैन’ के नाम से मशहूर हुए थे। वह फिलहाल कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और गुजरात के लिए सह प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे।

भाषा हक राखी दिलीप

दिलीप