( तस्वीर सहित )
राजकोट (गुजरात), 23 फरवरी (भाषा) राजकोट नगर निगम ने सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के 2.5 किलोमीटर क्षेत्र में फैली 1,400 से अधिक अवैध बस्तियों को ध्वस्त करने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि अजी नदी के किनारे जंगलेश्वर क्षेत्र में ट्रैक्टर, डंपर और अन्य भारी मशीनरी के साथ 65 से अधिक मिट्टी खोदने वाली मशीनें तैनात की गई हैं।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी के आदेश के बाद राजकोट नगर निगम (आरएमसी) ने जंगलेश्वर क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया।
राजकोट जोन-1 की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेतल पटेल ने बताया कि चूंकि अवैध संपत्तियां 2.5 किलोमीटर के क्षेत्र में फैली हुई हैं, इसलिए ध्वस्तीकरण अभियान तीन दिन तक चलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने पिछले दो दिनों में स्वेच्छा से अपनी संपत्तियां खाली करने वाले निवासियों की सहायता की है। उन्होंने बताया कि निवासियों को नोटिस जारी किए गए थे ताकि वह इस कार्रवाई के लिए तैयार रहे और ध्वस्तीकरण शुरू होने से पहले पानी तथा बिजली के कनेक्शन काट दिए गए थे।
पटेल ने कहा, ‘‘स्थानीय पुलिस, निगरानी दल, ड्रोन निगरानी इकाइयां, विशेष अभियान समूह के कर्मी, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) और राज्य आरक्षित पुलिस बल सहित 2,500 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है और वे ध्वस्तीकरण प्रक्रिया के दौरान संयुक्त रूप से घटनास्थल पर कार्रवाई करेंगे।’’
ध्वस्तीकरण कार्य की निगरानी स्थल पर मौजूद नगर निगम के 1,000 से अधिक कर्मचारी कर रहे हैं।
इस कदम से इलाके के निवासियों में आक्रोश पैदा हो गया है, जो दशकों से इस यहां रह रहे हैं।
उनमें से कुछ ने दावा किया कि उन्हें ध्वस्तीकरण अभियान के बारे में केवल तीन दिन पहले ही सूचित किया गया था और वे इस बात को लेकर चिंतित हैं कि वे कहां जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें सड़कों पर रहना पड़ सकता है।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा