नई दिल्ली। सीमा पार से पाकिस्तानी सेना की जम्मू-कश्मीर में लगातार फायरिंग पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पाक को चेतावनी देते हुए बीएसएफ जवानों को फायरिंग का उचित जवाब देने कहा है। पाकिस्तान की इस गोलीबारी में एक 8 माह के बच्चे की मौत हो गई थी वहीं, सोमवार को घायल एक महिला ने भी आज दम तोड़ दिया।
सीमा सुरक्षा बल के एक कार्यक्रम में राजनाथ ने कहा कि हमारा पड़ोसी शांति नहीं चाहता है। हम पहली गोली नहीं चलाएंगे लेकिन, गोली चलने पर उचित जवाब दिया जाएगा’। उन्होंने कहा, ‘गोली चलने पर हमारे जवानों को पता है कि उन्हें क्या करना है। जवाबी कार्रवाई पर जवानों से कोई कुछ नहीं पूछेगा।‘
यह भी पढ़ें : लिंक एक्सप्रेस में आग, यात्रियों में भगदड़
उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान अपने हथकंडों से बाज नहीं आता है। पहली गोली पड़ोसी पर नहीं चलनी चाहिए, लेकिन अगर उधर से गोली चल जाती है तो क्या करना उसका फैसला आपको (बीएसएफ) को करना है’।
राजनाथ ने कहा कि जो कोई भी भारत की तरफ नापाक निगाह से देखेगा उसे करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘जो भी भारत की तरफ आंख उठाकर देखे उसके खिलाफ उचित कार्रवाई हो। सीमा पर जब गोली चलती है तो जवानों को पता है कि उन्हें क्या करना है।‘
बता दें कि रविवार को बीएसएफ ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी बंकरों को उड़ा दिया था। जिसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने भारतीय जवानों से गोलीबारी रोकने का आग्रह किया था।
वेब डेस्क, IBC24