राज्यसभा उपसभापति हरिवंश के निर्वाचन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित
राज्यसभा उपसभापति हरिवंश के निर्वाचन के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा राज्यसभा की बैठक शुक्रवार को मनोनीत सदस्य हरिवंश के उपसभापति पद पर निर्वाचित होने के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री तथा सदन के नेता जे पी नड्डा ने हरिवंश को राज्यसभा का उपसभापति निर्वाचित करने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया और एस फांग्नोन कोन्याक ने प्रस्ताव का समर्थन किया। प्रस्ताव को ध्वनिमत से मंजूरी दिए जाने के बाद हरिवंश तीसरी बार उपसभापति चुने गए।
उपसभापति पद के लिए हरिवंश के पक्ष में कुल पांच प्रस्ताव पेश किए गए।
प्रस्ताव पारित होने के बाद सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने घोषणा की, “मैं घोषित करता हूं कि हरिवंश जी राज्यसभा के उपसभापति चुने गए हैं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सदन में विभिन्न दलों के नेताओं तथा सभापति ने हरिवंश को उच्च सदन का उपसभापति चुने जाने पर बधाई दी। इसके बाद सभापति ने हरिवंश को सदन की कार्यवाही के संचालन के लिए आमंत्रित किया।
आसन पर आए हरिवंश ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल की शुरूआत जिस तरह से की थी, वह इस बार भी वही करने जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने करीब एक बजे बैठक को पूरे दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा की।
उच्च सदन की बृहस्पतिवार से बुलायी गयी तीन दिन की विशेष बैठक के पहले दिन भी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाये जाने के बाद किसी अन्य कामकाज के बिना कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था।
भाषा
मनीषा माधव
माधव

Facebook


