राज्यसभा चुनाव : मतदान से पहले हरियाणा के कांग्रेस विधायक कुफरी के होटल से रवाना हुए

राज्यसभा चुनाव : मतदान से पहले हरियाणा के कांग्रेस विधायक कुफरी के होटल से रवाना हुए

राज्यसभा चुनाव : मतदान से पहले हरियाणा के कांग्रेस विधायक कुफरी के होटल से रवाना हुए
Modified Date: March 15, 2026 / 07:13 pm IST
Published Date: March 15, 2026 7:13 pm IST

शिमला, 15 मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नजदीक स्थित दो रिजॉर्ट में ठहरे हरियाणा के 31 कांग्रेस विधायक राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले रविवार शाम को बारिश और ओलावृष्टि के बीच एक अज्ञात गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

कांग्रेस विधायक भारी सुरक्षा वाले काफिले में तीन छोटी बसों में सवार होकर शाम लगभग 4.20 बजे कुफरी से रवाना हुए।

राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतों की गिनती उसी दिन शाम पांच बजे से शुरू होगी।

कांग्रेस ने विधायकों को प्रभावित करने और क्रॉस-वोटिंग को लेकर चिंताओं के बीच शुक्रवार को अपने हरियाणा के विधायकों को शिमला के बाहरी इलाके कुफरी में स्थानांतरित कर दिया था।

हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटें खाली होने वाली हैं, क्योंकि भाजपा सदस्य किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल को पूरा होने वाला है। इन सीटों के लिए भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल मैदान में हैं, और हर उम्मीदवार को उच्च सदन में पहुंचने के लिए 31 मतों की आवश्यकता होगी।”

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में