ओडिशा अतिथि गृह में उचित व्यवहार नहीं किया गया: राकेश टिकैत, राजद सांसद सुधाकर सिंह का आरोप
ओडिशा अतिथि गृह में उचित व्यवहार नहीं किया गया: राकेश टिकैत, राजद सांसद सुधाकर सिंह का आरोप
भुवनेश्वर, 31 मार्च (भाषा) किसान नेता राकेश टिकैत और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भुवनेश्वर स्थित ओडिशा सरकार के अतिथि गृह में उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और पुलिस ने अन्य लोगों को उनसे मिलने से रोका।
हालांकि, पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि सांसद की सुरक्षा के लिए सरकारी अतिथि गृह में कुछ सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि किसान संगठन के निमंत्रण पर सोमवार को यहां पहुंचे टिकैत और सिंह दोनों राज्य अतिथि गृह में ठहरे हुए थे। पुलिस ने बताया कि हालांकि, रैली मंगलवार के बजाय सोमवार को आयोजित होने के कारण वे किसान सम्मेलन में शामिल नहीं हो सके।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के डर से संगठन ने रैली का समय बदल दिया, क्योंकि सोमवार को कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया था।
हालांकि, टिकैत और सिंह दोनों ने आरोप लगाया कि अतिथि गृह के पास भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती थी और सुरक्षा अधिकारियों की उपस्थिति के कारण लोग उनके पास आने से डर रहे थे।
टिकैत ने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी जनता और किसानों के लिए नहीं बल्कि कॉरपोरेट घरानों के लिए सरकार चला रहे हैं।
हालांकि, पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह ने दावा किया कि पुलिस ने मेहमानों के लिए किसी भी प्रकार की कठिनाई पैदा नहीं की।
भाषा अमित आशीष
आशीष

Facebook


