रक्षा मंत्री ने भव्य भारत भूषण पुरस्कार प्रदान किए
रक्षा मंत्री ने भव्य भारत भूषण पुरस्कार प्रदान किए
कोयंबटूर (तमिलनाडु), 16 फरवरी (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां ईशा योग केंद्र में महाशिवरात्रि समारोह के दौरान विशिष्ट राष्ट्र निर्माताओं के एक समूह को पहले भव्य भारत भूषण पुरस्कार प्रदान किए।
ये नवस्थापित पुरस्कार विज्ञान, कला, खेल और सैन्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की प्रगति में योगदान देने दिग्गजों को सम्मान देने के उद्देश्य से शुरू किए गए हैं।
इन पुरस्कारों की शुरुआत ईशा फाउंडेशन ने की है।
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘इन क्षेत्रों के दिग्गजों को यह सम्मान दिए जाने के साथ-साथ, ऑपरेशन सिंदूर की शानदार सफलता के सम्मान में हमारी सशस्त्र सेनाओं के तीनों सैन्य संगठन को भी सम्मानित किया गया, जिनमें पश्चिमी वायु कमान, सेना की दक्षिणी कमान और पश्चिमी नौसेना कमान शामिल हैं। व्यक्तिगत रूप से, इससे मुझे बहुत खुशी और गर्व महसूस हुआ।’’
उन्होंने कहा कि संस्कृति और विज्ञान को अक्सर अलग माना जाता है, लेकिन भारत में ये हमेशा से एक-दूसरे के पूरक रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘संस्कृति केवल महज रीति-रिवाज नहीं है, यह हमारी जीवनशैली है।’’
ईशा फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने कहा कि ये पुरस्कार प्रतिवर्ष सात प्रमुख श्रेणियों में दिए जाएंगे, जिनमें कॉर्पोरेट, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, खेल और संस्कृति शामिल हैं।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी श्रेणी के तहत नम्बी नारायण और किरण कुमार को भारत की प्रौद्योगिकी प्रगति में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए पुरस्कार दिया गया।
कला और संस्कृति क्षेत्र में शास्त्रीय नृत्यांगना अलार्मेल वल्ली, वायलिन वादक एन राजम और इतिहासकार विक्रम संपत को सम्मानित किया गया।
खेल क्षेत्र में बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी साइना नेहवाल को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
सेना की तीनों शाखाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया, जिनमें पश्चिमी वायु कमान के एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा, दक्षिणी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल ए वी एस राठी और पश्चिमी नौसेना कमान के वाइस एडमिरल आर वी गोखले शामिल हैं।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


