पश्चिम बंगाल में रैलियां और रोड शो किसी तीर्थयात्रा की तरह लगे : प्रधानमंत्री मोदी
पश्चिम बंगाल में रैलियां और रोड शो किसी तीर्थयात्रा की तरह लगे : प्रधानमंत्री मोदी
कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में रैलियों को संबोधित करने और रोड शो में भाग लेने के दौरान उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वे तीर्थयात्रा पर हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि मां काली के भक्तों से प्राप्त दिव्य ऊर्जा और जनता के आशीर्वाद ने उन्हें धुआंधार प्रचार के दौरान शक्ति प्रदान की।
विधानसभा चुनावों के दूसरे और आखिरी चरण के लिए प्रचार के अंतिम दिन पश्चिम बंगाल की जनता को एक ऑडियो संदेश और खुले पत्र में, मोदी ने निवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में अगली सरकार बनाएगी और कहा कि वह “जनता के साथ मिलकर शपथ ग्रहण समारोह मनाएंगे”।
उन्होंने कहा, “तेज गर्मी के बीच इतनी सारी रैलियों को संबोधित करने के बावजूद, पश्चिम बंगाल में इस चुनाव प्रचार के दौरान मुझे जरा भी थकान महसूस नहीं हुई। ये रैलियां, ये रोड शो… मुझे ऐसा लगा जैसे मैं किसी तीर्थयात्रा पर हूं।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “जब भी मैं मां काली के भक्तों के बीच जाता था…शायद मां काली स्वयं ही मुझे निरंतर ऊर्जा से भर देती थीं।”
जनवरी 2024 में अयोध्या में राम लला की प्रतिमा की प्रतिष्ठा से पहले हुए अपने आध्यात्मिक अनुभव से तुलना करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव अभियान के दौरान भी उसी दिव्य ऊर्जा का अनुभव किया।
उन्होंने कहा, “अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले, मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान पूरी श्रद्धा से किया था और उपवास रखा था। मुझे लगता है कि उस दौरान भगवान श्री राम ने मुझे असीम ऊर्जा से भर दिया था।”
उन्होंने आगे कहा, “इस चुनाव में भी मुझे वही अनुभूति हुई – जैसे मंदिर में दर्शन करते समय होती है। लोगों को देखकर, जो मानो ईश्वर का अवतार हैं, मुझमें नई ऊर्जा का संचार हुआ।”
मोदी ने कहा कि उन्हें “पश्चिम बंगाल के उत्सव” में भाग लेने और राज्य के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा के रोडमैप को लोगों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा, “आज प्रचार अभियान समाप्त हो रहा है। इस चुनाव प्रचार की मेरी आखिरी रैली भी अभी-अभी संपन्न हुई है। इस पत्र के माध्यम से मैं पश्चिम बंगाल के प्रत्येक परिवार के सदस्य के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं और अपनी भावनाएं साझा करना चाहता हूं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि रैलियों और रोड शो के दौरान सभी आयु वर्ग के लोगों द्वारा दिखाया गया स्नेह ही उनके जीवन का “वास्तविक धन” है।
भाजपा की जीत पर अपना विश्वास दोहराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “पश्चिम बंगाल की सेवा और सुरक्षा करना मेरी जिम्मेदारी है। पश्चिम बंगाल के सामने आने वाली हर चुनौती को अवसर में बदलना भी मेरे नियती का हिस्सा है। मैं इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटूंगा… और हम सब मिलकर भाजपा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का जश्न मनाएंगे।”
उन्होंने कहा, “यह सिर्फ मेरी निजी राय नहीं है। मैंने आपमें यह आत्मविश्वास महसूस किया है।”
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


