राम मंदिर सीईओ नियुक्ति: साक्षात्कार के लिए 18 उम्मीदवार चुने गए
राम मंदिर सीईओ नियुक्ति: साक्षात्कार के लिए 18 उम्मीदवार चुने गए
अयोध्या (उप्र), 10 अगस्त (भाषा) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए 18 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है। मंदिर सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि इस पद के लिए 5,300 से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन दिया था जिसके बाद एक चयन समिति ने साक्षात्कार के लिए 18 उम्मीदवारों को चुना है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलने की संभावना है।
सूत्रों ने बताया कि चुने गए उम्मीदवारों का मंगलवार और बुधवार को मंदिर परिसर में साक्षात्कार लिया जाएगा।
साक्षात्कार लेने वाले पैनल में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिर्डी साईंबाबा ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हवारे शामिल होंगे।
सूत्रों ने बताया कि सीईओ का मुख्य कार्य मंदिर के कामकाज का प्रबंधन देखना होगा, इसलिए उम्मीदवार के पास प्रबंधन का बेहतर अनुभव होना जरूरी है।
मंदिर से जुड़े सूत्रों ने बताया कि चुने गए उम्मीदवार का हिंदू होना और हिंदू धर्म की सभी परंपराओं और नियमों का पालन करना जरूरी है, जिसमें पूरी तरह शाकाहारी होना और शराब या नशे से दूर रहना शामिल है।
सूत्रों ने बताया कि आयु सीमा 50 से 70 साल तय की गई है।
ट्रस्ट के अधिकारियों ने जून के पहले सप्ताह में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप लगने के बाद एक सीईओ नियुक्त करने का फैसला किया था।
उत्तर प्रदेश सरकार ने आरोपों की जांच के लिए 13 जून को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था और शुरुआत में उसे जांच पूरी करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था।
भाषा सं. सलीम रंजन शोभना
शोभना

Facebook


