बेंगलुरु में अस्वच्छ हालात के चलते रूफटॉप लाउंज की रसोई बंद
बेंगलुरु में अस्वच्छ हालात के चलते रूफटॉप लाउंज की रसोई बंद
बेंगलुरु, 10 अगस्त (भाषा) बेंगलुरु में एक महंगे रूफटॉप लाउंज की रसोई को कथित रूप से अस्वच्छ तरीके से संचालित किए जाने के कारण बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यहां खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से की गई जांच के दौरान सड़ा हुआ और फफूंद लगा मांस तथा गोवंश का मांस भी बरामद कर जब्त किया गया।
विभाग की ओर से रविवार को यूबी सिटी और ब्रिगेड रोड स्थित छह महंगे रेस्टोरेंट की जांच की गई। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का लाइसेंस और पंजीकरण) नियम, 2011 के प्रावधानों के पालन की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान यहां यूबी सिटी स्थित एक महंगे रूफटॉप लाउंज में 10 दिन पहले एक्सपायर हो चुके दूध और दही भी मिले। अस्वच्छ तरीके से रसोई संचालित किए जाने के कारण लाउंज की रसोई को बंद कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, यूबी सिटी स्थित एक अन्य महंगे रेस्टोरेंट की जांच के दौरान 45 किलोग्राम सड़ा हुआ चिकन/गोवंश का मांस, छह किलोग्राम वेजिटेबल कटलेट और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ खाना पकाने का तेल मिला। जांच में इन खाद्य पदार्थों को खाने योग्य नहीं पाया गया, जिसके बाद नियमों के अनुसार इन्हें नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अन्य महंगे रेस्टोरेंट से जब्त की गई चीजों में 50 किलोग्राम बत्तख का मांस, पांच किलोग्राम मछली, पांच किलोग्राम हरी मटर और पांच किलोग्राम मशरूम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन रेस्टोरेंट की जांच के दौरान कुल 132 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त कर नियमों के अनुसार नष्ट कर दी गई।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


