राम नवमी: ओडिशा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी

राम नवमी: ओडिशा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी

राम नवमी: ओडिशा के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी
Modified Date: March 27, 2026 / 03:50 pm IST
Published Date: March 27, 2026 3:50 pm IST

भुवनेश्वर, 27 मार्च (भाषा) ओडिशा के जगन्नाथ मंदिर समेत कई मंदिरों में शुक्रवार को राम नवमी के अवसर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

अधिकारियों ने बताया कि राज्यभर में निगरानी बढ़ा दी गई है, विशेष रूप से बालासोर, भद्रक, कटक और संबलपुर जिलों में, जहां पहले भी घटनाएं हो चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील इलाकों में त्वरित कार्रवाई दल तैनात किए गए हैं तथा शोभायात्रा एवं भीड़भाड़ वाली जगहों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, कटक में पुलिस की 30 से अधिक प्लाटून के साथ-साथ सीआरपीएफ कर्मियों को भी तैनात किया गया है क्योंकि वहां पिछले वर्ष दशहरा के दौरान झड़पें हुई थीं।

अधिकारियों के अनुसार, प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि दरगाह बाजार, चौधरी बाजार, डोलामुंडई और बक्सी बाजार जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने फ्लैग मार्च किया, ताकि स्थानीय लोगों में भरोसा कायम किया जा सके।

पुलिस महानिरीक्षक (मध्य) सत्यजीत नाइक ने कहा, “त्योहार के दौरान हमने पक्की कानून-व्यवस्था, प्रभावी यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण तरीके सुनिश्चित किए हैं। अधिकारी सतर्क हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सक्रिय कदम उठा रहे हैं।”

उप महानिरीक्षक (पूर्व) पिनाक मिश्रा ने कहा कि भद्रक और बालासोर को संवेदनशील जिले के रूप में चिन्हित किया गया है।

उन्होंने बताया कि भद्रक में 40 से अधिक प्लाटून के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती की गई है, सोशल मीडिया मंचों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और नियमित फ्लैग मार्च भी किए जा रहे हैं।

राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने राम नवमी के अवसर पर लोगों को बधाई दीं।

राज्यपाल ने लोगों से भगवान राम के सत्य, धर्म और करुणा के आदर्शों का पालन करने का आग्रह किया और सभी को रामनवमी की बधाई दीं।

भाषा

राखी राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में