रामनवमी शोभायात्रा : बीजद ने मंत्री की बर्खास्तगी, विधायक की गिरफ्तारी की मांग की
रामनवमी शोभायात्रा : बीजद ने मंत्री की बर्खास्तगी, विधायक की गिरफ्तारी की मांग की
भुवनेश्वर, 28 मार्च (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने शनिवार को ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग को बर्खास्त करने और भारतीय जनता पार्टी के टिटलागढ़ से विधायक नबीन जैन को राम नवमी शोभायात्रा के दौरान कथित रूप से कानूनों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार करने की मांग की।
विपक्षी दल ने एक बयान में आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री महालिंग बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल चलाते और एक रैली का नेतृत्व करते हुए देखे गए, जबकि विधायक जैन सार्वजनिक रूप से हवा में गोलीबारी करते नजर आए।
बीजद ने दावा किया कि ये दोनों घटनाएं राज्य में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह से चरमराने का स्पष्ट उदाहरण हैं।
विपक्षी बीजू जनता दल और कांग्रेस, कटक स्थित राज्य संचालित एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में लगी आग में 12 मरीजों की मौत के मामले में भी महालिंग को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं।
महालिंग का शुक्रवार को भुवनेश्वर में बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने और नबीन जैन द्वारा टिटलागढ़ में हवा में गोली चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
महालिंग से तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
बीजद के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी जो खुद को मूल्यों और नैतिकता का पालन करने वाली पार्टी बताती है, वास्तव में रोज इन्हें कमजोर कर रही है। ये दोनों घटनाएं भाजपा के नैतिक मूल्यों को उजागर करने के लिए पर्याप्त हैं।”
बीजद के वरिष्ठ महासचिव और पूर्व मंत्री तुकुनी साहू ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि नबीन जैन ने सत्तारूढ़ दल का विधायक होने के नाते कानून व्यवस्था का गंभीर उल्लंघन किया है।
उन्होंने कहा, “एक जनप्रतिनिधि द्वारा टिटलागढ़ जैसे शांतिपूर्ण स्थान पर सार्वजनिक रूप से गोली चलाना गंभीर अपराध है।”
साहू ने ओडिशा पुलिस से मामले का संज्ञान लेने और जैन को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
हालांकि, नबीन जैन ने दावा किया कि हवा में गोली चलाने के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार असली बंदूक नहीं, बल्कि खिलौना था।
भाजपा विधायक ने कहा कि उन्होंने रैली में राम नवमी के श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाने के लिए गोली चलाई थी, न कि किसी को डराने के लिए, जैसा आरोप लगाया गया है।
इस बीच, सूत्रों ने बताया कि जिला पुलिस ने विधायक के साथ मौजूद उनके पीएसओ (निजी सुरक्षा अधिकारी), जो वायरल वीडियो में भी दिखाई दे रहा है, से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है।
बीजद ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता निजी वाहनों पर लाल बत्ती लगाकर राजधानी की मुख्य सड़कों पर अव्यवस्था फैला रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
बीजद के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा, “हम चाहते हैं कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, जो राज्य के गृह मंत्री भी हैं, इस घटना का तत्काल संज्ञान लें और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बहाल करें।”
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


