संपत्ति साझा नहीं करने की मंशा से रामा राव ने अपनी बहन को घर से बाहर निकाला : मुख्यमंत्री रेड्डी

Ads

संपत्ति साझा नहीं करने की मंशा से रामा राव ने अपनी बहन को घर से बाहर निकाला : मुख्यमंत्री रेड्डी

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 07:26 PM IST

हैदराबाद, 16 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बहन को ‘‘घर से बाहर निकाल दिया’’ क्योंकि वह उनके साथ पारिवारिक संपत्ति साझा नहीं करना चाहते थे।

विकास कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुलुगु जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रेड्डी ने कहा कि वह राज्य की पंचायत राज मंत्री डी. अनसूया सीताक्का को अपनी बहन मानते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर, एक व्यक्ति (रामा राव) है जिसने अपनी बहन (के. कविता) को घर से बाहर निकाल दिया क्योंकि उन्हें बहन के साथ संपत्ति साझा करनी पड़ती। ऐसी दुष्टता भी होती है। जो व्यक्ति अपनी ही बहन के साथ न्याय नहीं कर सकता, क्या वह तेलंगाना की दो करोड़ महिलाओं के साथ न्याय कर सकता है? जिस पिता (के. चंद्रशेखर राव) को अपने बेटे को डांटना चाहिए था, वह फार्महाउस में सो रहे हैं।’’

रेड्डी ने कहा कि अगर बेटा अपनी बहन को घर से बाहर निकाल रहा हो और पिता चुप रहे, तो इसका मतलब है कि पिता भी उस अपराध में बराबर का भागीदार है।

रेड्डी ने बीआरएस विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के भतीजे टी. हरीश राव पर अपने अप्रत्यक्ष आरोपों को दोहराया कि उन्होंने तेलंगाना में सूखा पड़ने और कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए कर्नाटक और तमिलनाडु के मंदिरों में तंत्र-मंत्र और अनुष्ठान किए थे।

हरीश राव ने शनिवार को कहा था कि मुख्यमंत्री उनके खिलाफ ‘‘ओछी टिप्पणियां’’ कर रहे हैं क्योंकि वह सरकार में कथित भ्रष्टाचार, अधूरी कृषि ऋण माफी और उर्वरकों की अपर्याप्त आपूर्ति जैसे विभिन्न मुद्दों पर रेड्डी से सवाल पूछ रहे हैं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश