रामलिंगा रेड्डी ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है : कांग्रेस महासचिव सुरजेवाला का दावा
रामलिंगा रेड्डी ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है : कांग्रेस महासचिव सुरजेवाला का दावा
बेंगलुरु, छह जून (भाषा) कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक में पार्टी प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को दावा किया कि वरिष्ठ नेता रामलिंगा रेड्डी ने पार्टी नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद मंत्री पद से अपना इस्तीफा वापस ले लिया है।
सुरजेवाला ने इस घटना को गलतफहमी का नतीजा बताया और कहा कि वरिष्ठ नेता कांग्रेस सरकार में मंत्री के रूप में अपना कार्य जारी रखेंगे।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह इस विवाद का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही थी।
रेड्डी के इस्तीफे की घोषणा को लेकर सुरजेवाला ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कुछ गलतफहमी हुई थी और वह (रेड्डी) पार्टी के एक वफादार सिपाही और मंत्री के रूप में काम करना जारी रखेंगे।’’
रेड्डी ने शुक्रवार को इस्तीफे की घोषणा की थी, क्योंकि उन्हें बेंगलुरु विकास विभाग के बजाय वृहद और मध्यम सिंचाई विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी।
कांग्रेस नेता ने रेड्डी को पार्टी के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक बताया और कहा कि इस मुद्दे को सुलझाने के लिए पार्टी के पूरे शीर्ष नेतृत्व ने हस्तक्षेप किया था।
सुरजेवाला ने रामलिंगा रेड्डी को कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण नेता बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष बी के हरिप्रसाद और उन्होंने खुद रेड्डी के इस्तीफे की खबरें सामने आने के बाद उनसे बात की थी।
सुरजेवाला ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उन्होंने (रेड्डी) आपको पहले ही सूचित कर दिया है कि उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है।’’
भाजपा पर निशाना साधते हुए सुरजेवाला ने कहा कि विपक्ष ने सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर हुए घटनाक्रम का ‘‘समय से पहले ही जश्न मनाना’’ शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा वास्तव में सदमे में है, क्योंकि उसे लगा था कि सत्ता के सुचारू हस्तांतरण में उसे कोई मुद्दा मिल गया है और वे कुछ राजनीतिक लाभ उठाने की उम्मीद कर रहे थे।’’
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र और विपक्ष के नेता आर अशोक का जिक्र करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि कर्नाटक में मतदाता विपक्ष को नकारना जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विजयेंद्र और अशोक दोनों को बता दूं कि जनता की अदालत में आपको बार-बार करारी हार मिलेगी; जनता का विश्वास जीतने के लिए आपको ईमानदारी, प्रतिबद्धता और जनता की सेवा की आवश्यकता है, जिसे कांग्रेस सरकार ने अपनी पांच गारंटियों के माध्यम से करके दिखाया है।’’
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि सभी मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभाल लिया है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री शिवकुमार के नेतृत्व वाली नयी सरकार राज्य में विकास के एक नये चरण की शुरुआत करेगी।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


