रामनगर-देहरादून ट्रेन की मंजूरी से उत्तराखंड में रेल संपर्क को और बढ़ावा मिलेगा : भाजपा सांसद बलूनी

रामनगर-देहरादून ट्रेन की मंजूरी से उत्तराखंड में रेल संपर्क को और बढ़ावा मिलेगा : भाजपा सांसद बलूनी

रामनगर-देहरादून ट्रेन की मंजूरी से उत्तराखंड में रेल संपर्क को और बढ़ावा मिलेगा : भाजपा सांसद बलूनी
Modified Date: May 3, 2026 / 10:07 pm IST
Published Date: May 3, 2026 10:07 pm IST

नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने रविवार को कहा कि रामनगर और देहरादून के बीच एक नयी ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी गई है, जिससे उत्तराखंड में रेल संपर्क को और बढ़ावा मिलेगा।

उत्तराखंड के गढ़वाल से सांसद बलूनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र साझा करते हुए कहा कि इस साल की शुरुआत में उन्होंने जिस ट्रेन के संचालन का अनुरोध किया था, उसे मंत्रालय द्वारा मंजूरी दे दी गई है।

बलूनी ने कहा, ‘‘मित्रो, आप सभी के साथ उत्तराखंड की रेल सेवाओं में एक और उपलब्धि साझा कर रहा हूं। मुझे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्होंने मेरे द्वारा निवेदित रामनगर से देहरादून के मध्य नई रेलगाड़ी के परिचालन की स्वीकृति की जानकारी दी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मंत्री का कोटि-कोटि आभार, जिन्होंने निरंतर उत्तराखंड की जनता के रेल सुविधा से जुड़े मेरे निवेदनों पर सदैव उदारता दिखाई है और हमें अनेक रेल सेवाओं के परिचालन और ‘स्टॉपेज’ की स्वीकृतियां प्रदान की हैं।’’

भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए उपलब्धियों से भरा रहा है। रामनगर-देहरादून रेल सेवा से पूर्व काठगोदाम-देहरादून के बीच ‘नैनी दून एक्सप्रेस’, कोटद्वार से नई दिल्ली के लिए रेल सेवा, देहरादून से लखनऊ हेतु ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ जैसी सौगातें हमे प्रदान की हैं।’’

उन्होंने कहा कि रामनगर-देहरादून रेल सेवा प्रारंभ होने से उस क्षेत्र के नागरिकों को देहरादून के आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी तथा उनका धन और समय बचेगा।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में