अरुणाचल प्रदेश में रैपर यूएनबी पर हमला, पुलिस ने मामला दर्ज किया

अरुणाचल प्रदेश में रैपर यूएनबी पर हमला, पुलिस ने मामला दर्ज किया

अरुणाचल प्रदेश में रैपर यूएनबी पर हमला, पुलिस ने मामला दर्ज किया
Modified Date: September 22, 2026 / 10:03 pm IST
Published Date: September 22, 2026 10:03 pm IST

ईटानगर, 22 सितंबर (भाषा) यूएनबी के नाम से लोकप्रिय सिक्किम के रैपर उगेन नामग्याल भूटिया पर अरुणाचल प्रदेश के लोअर दिबांग वैली जिले में कुछ लोगों के समूह ने कथित रूप से हमला किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार शाम करीब छह बजे तिवारी गांव के पास हुई, जब यूएनबी और उनकी टीम अनिनी में एक उत्सव में शामिल होने के बाद रोइंग लौट रही थी।

पुलिस ने बताया कि दो वाहनों ने करीब एक घंटे तक उनकी कार का कथित तौर पर पीछा किया और फिर एक सुनसान इलाके में उसे रोक लिया। पुलिस के अनुसार, आठ से 10 लोगों ने कथित तौर पर रॉड से यूएनबी की गाड़ी में तोड़फोड़ की और रैपर तथा उनके प्रबंधक पर हमला किया।

पुलिस ने बताया कि यूएनबी के सिर और चेहरे पर चोटें आईं तथा एक आंख के आसपास सूजन हो गई। हमलावर मौके से उस समय भाग गए जब उन्होंने वहां एक ट्रक को आते देखा।

पुलिस के अनुसार, इस घटना की सूचना रोइंग पुलिस थाने में शाम करीब 7.50 बजे दी गई। पुलिस ने बताया कि इलाके में मोबाइल नेटवर्क की खराब कनेक्टिविटी के कारण सूचना देने में देरी हुई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच चौकियों को सतर्क कर दिया और पीड़ितों द्वारा बताए गए विवरण से मिलते-जुलते वाहनों पर नजर रखने के लिए कर्मियों को कहा।

यूएनबी के प्रबंधक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने अपने वाहनों की नंबर प्लेट को मिट्टी से ढक दिया था और यह पुष्टि करने के बाद उनकी कार को रोका कि उसमें रैपर यात्रा कर रहे हैं।

रोइंग थाने के प्रभारी अधिकारी तानिया उली ने बताया कि पुलिस मंगलवार को जांच के लिए यूएनबी और उनकी टीम को घटनास्थल पर लेकर गई।

उन्होंने कहा कि सुनसान स्थान, प्रत्यक्षदर्शियों की अनुपस्थिति और खराब नेटवर्क कनेक्टिविटी जांच में चुनौती पैदा कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गलत तरीके से रोकने, जानबूझकर चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कहा कि वह हमले के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान करने के लिए काम कर रही है।

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में