माकपा के बागी नेता कुन्हीकृष्णन ने धमकाए जाने का आरोप लगाया, पय्यानूर में चुनाव कार्यालय बंद किया

माकपा के बागी नेता कुन्हीकृष्णन ने धमकाए जाने का आरोप लगाया, पय्यानूर में चुनाव कार्यालय बंद किया

माकपा के बागी नेता कुन्हीकृष्णन ने धमकाए जाने का आरोप लगाया, पय्यानूर में चुनाव कार्यालय बंद किया
Modified Date: March 21, 2026 / 09:54 pm IST
Published Date: March 21, 2026 9:54 pm IST

कन्नूर (केरल), 21 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बागी नेता वी कुन्हीकृष्णन ने शनिवार को कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर पय्यानूर में जमीन के मालिक को धमकी देने के बाद उन्हें अपना चुनाव कार्यालय बंद करना पड़ा।

कुन्हीकृष्णन पार्टी से बागी होकर माकपा के गढ़ पय्यानूर से चुनाव लड़ रहे हैं। वह पार्टी के मौजूदा विधायक टी आई मधुसूदनन पर पार्टी के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाकर बागी हुए।

संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने आगामी विधानसभा चुनाव में कुन्हीकृष्णन के समर्थन में पय्यानूर निर्वाचन क्षेत्र से कोई उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है।

कुन्हीकृष्णन ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अपने चुनाव अभियान के लिए एक अस्थायी कार्यालय बनाया था, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा इसके जमीन के मालिक को धमकी दिए जाने के बाद उन्हें इसे बंद करना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘लोगों को गंभीरता से सोचना होगा कि इस तरह के कृत्यों से यह राज्य किस दिशा में जा रहा है। चुनाव जनता के लिए अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने का अवसर होते हैं। लेकिन राज्य को अलोकतांत्रिक और फासीवादी तरीके से चलाने का प्रयास किया जा रहा है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि पय्यानूर में माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की चुनावी गतिविधियों का नेतृत्व एक ‘माफिया समूह’ कर रहा था।

कुन्हीकृष्णन ने यह भी कहा कि माकपा के नेतृत्व ने मौजूदा विधायक के खिलाफ उनके द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों का उचित जवाब नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियां दर्शाती हैं कि पार्टी के पास उनके सवालों का कोई जवाब नहीं है और उन्होंने नेतृत्व से इस तरह की कार्रवाई से परहेज करने का आग्रह किया।

इसी बीच माकपा के एक अन्य बागी टी के गोविंदन ने कहा कि वह कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। गोविंदन पार्टी के राज्य सचिव एम वी गोविंदन की पत्नी पी के श्यामला के खिलाफ तालिपारम्बा से चुनाव लड़ रहे हैं।

गोविंदन ने शनिवार को केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ से मुलाकात की।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस नेताओं ने कोई मांग नहीं रखी और मुझे अपने रुख पर कायम रहने को कहा। उन्होंने चुनाव में पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।’

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में