‘विद्या वाहिनी’ योजना के तहत रेखा गुप्ता ने तीन हजार छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं

Ads

‘विद्या वाहिनी’ योजना के तहत रेखा गुप्ता ने तीन हजार छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 05:16 PM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 05:16 PM IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा की तीन हजार से ज्यादा छात्राओं को ‘विद्या वाहिनी’ योजना के तहत शुक्रवार को साइकिलें वितरित कीं और इसे छात्राओं की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने पूर्वी विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक समारोह में छात्राओं को साइकिलें प्रदान कीं।

गुप्ता ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी’ योजना के अंतर्गत चरणबद्ध तरीके से दिल्ली सरकार के विद्यालयों में पढ़ने वाली लगभग 1 लाख 40 हजार छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी और यह योजना आगामी वर्षों में भी इसी तरह जारी रहेगी।

गुप्ता ने कहा, ‘हमें दिल्ली के सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा की छात्राओं को ‘विद्या वाहिनी’ साइकिलें उपलब्ध कराते हुए खुशी हो रही है। यह उनके सम्मान का ज़रिया बनेगी और उन्हें सुरक्षित रूप से स्कूल आने-जाने में मदद करेंगी।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना छात्राओं के विद्यालय तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित करेगी, उनके समय की बचत करेगी, विद्यालयों में नियमित उपस्थिति बढ़ाएगी, पढ़ाई बीच में छोड़ने की संभावना को कम करेगी और अभिभावकों की दैनिक चिंता को भी कम करेगी।

उन्होंने शिक्षा की अहमियत पर जोर देते हुए कहा, “ शिक्षा सशक्तीकरण का सबसे मजबूत आधार है। जब एक बेटी शिक्षित होती है तो वह केवल ज्ञान ही नहीं प्राप्त करती, बल्कि आत्मविश्वास, जागरूकता और अपने भविष्य से जुड़े सही निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करती है।’’

गुप्ता ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे पूरी लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करें, साइकिल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और सदैव सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

कार्यक्रम में गुप्ता के साथ शिक्षा मंत्री आशीष सूद और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा​ समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।

सूद ने कहा कि नौवीं कक्षा में पहुंचने के बाद विद्यालय की दूरी और परिवहन की कठिनाइयों के कारण अनेक छात्राओं की शिक्षा प्रभावित होती रही है और ‘विद्या वाहिनी’ योजना उन बाधाओं को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अधिकारियों के मुताबिक, इस साल बजट में घोषित योजना के पहले चरण में 3,000 साइकिलें बांटी गईं। अगले महीने चरणबद्ध तरीके से दिल्ली भर में सरकारी विद्यालयों की नौवीं कक्षा की छात्राओं को कुल 1.40 लाख साइकिलें दी जाएंगी।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश