रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी के दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को नौकरी पत्र सौंपे
रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी के दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को नौकरी पत्र सौंपे
नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एनडीएमसी के दिवगंत कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों और आश्रितों को शुक्रवार को अनुकंपा के आधार पर नौकरी के पत्र सौंपे और नगर निकाय के संविदा कर्मचारियों को स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में गुप्ता ने कहा कि ये पहल कर्मचारियों और उनके परिवारों को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेंगी और कर्मचारी कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
मुख्यमंत्री ने मृत कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों के लिए अनुकंपा नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए एनडीएमसी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के कदम अक्सर एक लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया से गुजरते हैं।
उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और स्थिरता का अहसास होगा।
गुप्ता ने कहा, ‘कई लोगों के लिए, नियुक्ति पत्र प्राप्त करना एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक है और कठिन समय में सम्मान और संबल प्रदान करता है।’
गुप्ता ने संविदा कर्मचारियों को स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जाने का भी स्वागत किया और इसे एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी उपाय बताया जो परिवारों को बढ़ते स्वास्थ्य देखभाल खर्चों से निपटने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा, ‘ये कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समावेशी शासन के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं, जो यह सुनिश्चित करता है कि कल्याणकारी लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचें।’
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मियों से अपने पद को जनसेवा के अवसर के रूप में देखने का आग्रह करते हुए कहा कि शासन की जिम्मेदारी लोगों की सेवा करने पर केंद्रित होती है।
इस कार्यक्रम में दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहब सिंह, नयी दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


