रेखा गुप्ता ने सरकारी स्कूल में ‘स्टेम इनोवेशन लैब’ का किया उद्घाटन, विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा को जरूरी बताया
रेखा गुप्ता ने सरकारी स्कूल में ‘स्टेम इनोवेशन लैब’ का किया उद्घाटन, विद्यार्थियों के लिए तकनीकी शिक्षा को जरूरी बताया
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, गणित और इंजीनियरिंग विषयों को भविष्य की अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें प्रयोग आधारित शिक्षा, रचनात्मक सोच और समस्या-समाधान क्षमता से सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है।
गुप्ता ने यह टिप्पणी पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में स्थापित विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (स्टेम) ‘इनोवेशन लैब’ का उद्घाटन करते हुए की।
मुख्यमंत्री कि ‘स्टेम इनोवेशन लैब’ केवल एक प्रयोगशाला नहीं, बल्कि दिल्ली के विद्यार्थियों के लिए नवोन्मेष, वैज्ञानिक सोच और असीम संभावनाओं के नए युग की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि यह प्रयोगशाला विद्यार्थियों को नए विचारों पर कार्य करने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार का लक्ष्य प्रत्येक सरकारी विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष आधारित शिक्षण संसाधनों से सुसज्जित करना है ताकि प्रत्येक विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सके।”
गुप्ता ने कहा कि आज के विद्यालयों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, इंजीनियर, नवोन्मेषक, स्टार्टअप संस्थापक और राष्ट्र निर्माता बनेंगे।
इस अवसर पर क्रिकेटर और ‘दा वन ग्रुप’ के प्रमुख शिखर धवन, एचएमडी इंडिया के प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
गुप्ता ने शिखर धवन फाउंडेशन, एचएमडी इंडिया एवं ‘दा वन ग्रुप’ का इस महत्वपूर्ण पहल में सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र की साझेदारी शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन सकती है।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत

Facebook


