होर्मुज जलडमरूमध्य में रास्ता देने के बदले ईरानी टैंकर छोड़ने की मांग की खबरें गलत: सरकार

होर्मुज जलडमरूमध्य में रास्ता देने के बदले ईरानी टैंकर छोड़ने की मांग की खबरें गलत: सरकार

होर्मुज जलडमरूमध्य में रास्ता देने के बदले ईरानी टैंकर छोड़ने की मांग की खबरें गलत: सरकार
Modified Date: March 17, 2026 / 12:19 am IST
Published Date: March 17, 2026 12:19 am IST

नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) सरकार ने सोमवार को उन खबरों को खारिज किया जिनमें कहा गया कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय ध्वज वाले जहाजों को सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के बदले में भारत द्वारा जब्त किए गए तीन तेल टैंकरों को छोड़े जाने की मांग कर रहा है।

सरकार के शीर्ष सूत्रों ने कहा कि यह रिपोर्ट निराधार है और भारत तथा ईरान के अधिकारियों के बीच इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार, किसी भी सूरत में ये तीनों जहाज ईरान के स्वामित्व वाले नहीं हैं।

खबरों के मुताबिक, भारत के तटीय अधिकारियों ने अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित तीन तेल टैंकरों को जब्त कर लिया है, जिनका कथित तौर पर ईरान से संबंध है।

भारत होर्मुज जलडमरूमध्य से 20 से अधिक भारतीय ध्वज वाले व्यापारिक जहाजों का सुरक्षित पारगमन सुनिश्चित करने के लिए तेहरान के संपर्क में है।

दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद शनिवार तड़के भारतीय ध्वज वाले दो एलपीजी वाहक जहाज, शिवालिक और नंदा देवी, 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर गए।

भाषा नेत्रपाल खारी

खारी


लेखक के बारे में