सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश हुए ‘डिजिटल अरेस्ट’, एक करोड़ रुपये से अधिक गंवाए
सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश हुए 'डिजिटल अरेस्ट', एक करोड़ रुपये से अधिक गंवाए
हैदराबाद, नौ मार्च (भाषा) तेलंगाना में एक सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश ‘डिजिटल अरेस्ट’ धोखाधड़ी का शिकार हो गए और एक करोड़ रुपये से अधिक गंवा दिए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
साइबर ठगों ने 69 वर्षीय सेवानिवृत्त न्यायाधीश को लगभग एक सप्ताह पहले धमकी दी और दावा किया कि उनके मोबाइल नंबर का उपयोग महिलाओं की तस्करी और अन्य अपराधों में हुआ है।
पीड़ित, यहां स्थित मलकागिरी के निवासी हैं। उन्होंने साइबर ठगों के बैंक खातों में एक करोड़ रुपये से अधिक भेज दिए। धोखाधड़ी का पता चलने के बाद उन्होंने तीन दिन पहले शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच जारी है।
यह पूछे जाने पर कि सेवानिवृत्त न्यायाधीश होने के बावजूद वह ठगों के झांसे में कैसे आ गए, पुलिस ने बताया कि आमतौर पर लोग जालसाजों की धमकियों से डर जाते हैं।
‘डिजिटल अरेस्ट’ धोखाधड़ी में अपराधी खुद को कानून प्रवर्तन अधिकारी बता कर लोगों से ठगी करते हैं। वे व्यक्तियों को उनके गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त होने के झूठे आरोपों के जरिये डराते हैं और फिर उनसे पैसे की मांग करते हैं, जिससे पीड़ित दबाव में आकर भुगतान कर देते हैं।
भाषा मनीषा सुभाष
सुभाष

Facebook


