दक्षिण कन्नड़ में मूसलाधार बारिश के बाद नदियां उफान पर; यातायात और जनजीवन प्रभावित
दक्षिण कन्नड़ में मूसलाधार बारिश के बाद नदियां उफान पर; यातायात और जनजीवन प्रभावित
मंगलुरु (कर्नाटक), दो अगस्त (भाषा) कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाओं के कारण भूस्खलन हुआ जिससे यातायात और जन-जीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार बारिश के कारण कई सड़कें और निचले इलाकों में पानी भर गया और बड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ गया।
जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) समेत सभी आपातकालीन राहत व्यवस्था की गयी है। पश्चिमी घाट के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से कई नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है।
नेत्रावती, कुमारधारा, मृत्युंजय, फल्गुनी (गुरुपुरा) और सोमवती नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के निकट या उससे ऊपर पहुंच गया है, जिसकी वजह से नदी किनारे बसे इलाकों और खेती वाले क्षेत्रों पर खतरा बढ़ गया है।
जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है और निचले इलाकों में बसे लोगों पर नजर रखी जा रही है तथा उन्हें सतर्क किया जा रहा है।
भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण जिले की कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं और आवाजाही प्रभावित हुई। बेल्थंगडी तालुक में भूस्खलन से मुंडाजे-धर्मस्थल मार्ग बंद हो गया। वहीं नेरिया में तेज़ पानी के बहाव से एक दीवार गिर गई जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में पानी भर गया।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


