रोड रेजः मिजोरम में छुट्टी पर घर जा रहे सेना के जवान की पीटकर हत्या

रोड रेजः मिजोरम में छुट्टी पर घर जा रहे सेना के जवान की पीटकर हत्या

रोड रेजः मिजोरम में छुट्टी पर घर जा रहे सेना के जवान की पीटकर हत्या
Modified Date: September 21, 2026 / 06:55 pm IST
Published Date: September 21, 2026 6:55 pm IST

आइजोल, 21 सितंबर (भाषा) मिजोरम के कोलासिब जिले में सड़क पर कहासुनी (रोड रेज) की एक घटना में छुट्टी पर घर जा रहे सेना के एक जवान की युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रविवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-306 पर बुअलपुई गांव के पास हुई इस घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दो नाबालिगों को पकड़ा गया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) लालरिनपुइया वार्ते ने बताया कि मृतक की पहचान असम रेजिमेंट में सेवारत और जम्मू-कश्मीर में तैनात जकारिया लालहरियाट्लुआंगा (29) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि वह कोलासिब जिले में स्थित अपने पैतृक गांव न्यू बुइलुम जा रहे थे।

वार्ते ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘जकारिया को आइजोल के पास लेंगपुई हवाई अड्डे पर उनके दोस्त जॉन लालतान्पुइया लेने पहुंचे थे। दोनों एक ट्रक में सवार होकर कोलासिब की ओर रवाना हुए थे, तभी कवांनपुई कस्बे के युवकों के एक समूह ने बुअलपुई गांव के पास कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। ये युवक पिकनिक से लौट रहे थे।’

उन्होंने कहा, ‘कथित तौर पर दोनों गुटों के बीच यातायात को लेकर मामूली विवाद हुआ और बाद में यह मारपीट में बदल गया।’

एसपी ने बताया कि राजमार्ग पर कॉफी बागान क्षेत्र के पास हुए इस हमले में जकारिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चला रहे लालतान्पुइया को मामूली चोटें आईं।

जकारिया की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और छह आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा, जबकि दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड को सौंपा जाएगा।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में