डीयू के दयाल सिंह कॉलेज में छत का हिस्सा गिरा, कोई हताहत नहीं
डीयू के दयाल सिंह कॉलेज में छत का हिस्सा गिरा, कोई हताहत नहीं
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के दयाल सिंह कॉलेज में बुधवार को कक्षा संचालन के दौरान एक अस्थायी ‘केबिन क्लासरूम’ की ‘जिप्सम पैनल’ वाली छत का हिस्सा गिर गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दयाल सिंह कॉलेज के प्राचार्य वी.के. पालीवाल ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
कॉलेज प्रशासन ने इस घटना की वजह पुराने पड़ चुके ढांचे को बताया है। उसने कहा कि फिलहाल कई कक्षाएं, अस्थायी कक्षाओं में चलाई जा रही हैं।
प्राचार्य पालीवाल ने कहा, ‘कॉलेज में कई पुरानी ‘पोर्टा केबिन’ में चल रही कक्षाओं की वर्तमान ढांचागत स्थिति का सटीक अंदाजा लगाना कठिन हो गया है। हम जल्द से जल्द कॉलेज के बुनियादी ढांचे को विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।’’
छात्रों ने बताया कि कक्ष संख्या-36 में जब बीए (इतिहास) की कक्षा संचालित हो रही थी तभी छत का हिस्सा गिर गया।
शिक्षकों के अनुसार, कॉलेज में छात्रों की संख्या अधिक होने और बुनियादी ढांचे की स्थिति खराब होने के कारण नयी इमारतों की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पुनर्विकास परियोजनाएं वर्षों से रुकी हुई हैं।
नाम उजागर न करने की शर्त पर एक प्रोफेसर ने कहा, ‘‘कॉलेज भवन का निर्माण, जो वर्ष 2018-2019 में पूरा हो जाना चाहिए था, वह अब तक अधूरा है। कॉलेज ने जुर्माने के रूप में भारी राशि का भुगतान किया है लेकिन बुनियादी ढांचे के उन्नयन से जुड़े मुद्दों का अब तक समाधान नहीं हुआ है।’’
भाषा प्रचेता शफीक
शफीक

Facebook


