नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि देश भर में संरक्षित स्मारकों के बचाव, संरक्षण और पर्यावरण विकास के लिए 2025-26 में 376.88 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) में पुरातत्वविद, संरक्षण सहायक, इंजीनियर और अन्य तकनीकी स्टाफ की जानकारी के बारे में एक अनय प्रश्न के लिखित उत्तर में आंकड़े साझा किए, जिसके मुताबिक कुल 8,755 स्वीकृत पदों में से 3,073 पद खाली थे।
शेखावत से एएसआई के तहत केंद्र द्वारा संरक्षित स्मारकों की संख्या के बारे में पूछा गया था, जिनकी पहचान ‘‘तुरंत संरक्षण, मरम्मत वाले या अतिक्रमण से बचाने की आवश्यकता’’ वाले स्मारकों के तौर पर की गई है।
मंत्री ने कहा कि एएसआई के अधिकार क्षेत्र में सिरपुर में लक्ष्मण मंदिर और छत्तीसगढ़ में भोरमदेव मंदिर समेत देश भर में ‘‘3,688 स्मारक और स्थल केंद्र द्वारा संरक्षित’’ हैं।
अपने जवाब में, शेखावत ने पिछले पांच सालों के दौरान संरक्षित स्मारकों के बचाव, संरक्षण और पर्यावरण विकास के लिए किए गए आवंटन और खर्च की जानकारी भी साझा की।
मंत्री द्वारा अपने जवाब में दिए गए साल-वार आंकड़ों के अनुसार, केंद्र ने साल 2025-26 में देश भर में संरक्षित स्मारकों के बचाव, संरक्षण और पर्यावरण विकास पर 376.88 करोड़ रुपये आवंटित किए, और इस दौरान खर्च 376.67 करोड़ रुपये रहा।
भाषा वैभव अविनाश
अविनाश