वाहनों की जांच के दौरान 40 लाख रुपये नकद बरामद
वाहनों की जांच के दौरान 40 लाख रुपये नकद बरामद
प्रयागराज, 29 जून (भाषा) जिले के यमुनापार मेजा थाना अंतर्गत संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने सोमवार की रात एक स्कॉर्पियो वाहन से 40 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस को आशंका है कि इस रकम का उपयोग आगामी जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में होना था।
पुलिस अधीक्षक (यमुनापार) सौरभ दीक्षित ने बताया कि एक ढाबे के पास स्कार्पियो वाहन की तलाशी में 40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वाहन में सवार डाक्टर मानसिंह यादव, संजय यादव और चालक अरुण यादव से इस नकदी के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वे इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि इस नकदी का उपयोग आगामी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में अनुचित प्रभाव जमाने के लिए किया जाता।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बारे में आयकर विभाग और अन्य संबंधित विभागों से संपर्क किया जा रहा है ताकि वे अपने स्तर पर इस नकदी के स्रोत की जांच कर सकें।
भाषा राजेंद्र
अविनाश
अविनाश

Facebook


