रुबियो की टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी का अपने अच्छे मित्र ट्रंप को खुश करने का उदाहरण : कांग्रेस

रुबियो की टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी का अपने अच्छे मित्र ट्रंप को खुश करने का उदाहरण : कांग्रेस

रुबियो की टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी का अपने अच्छे मित्र ट्रंप को खुश करने का उदाहरण : कांग्रेस
Modified Date: July 23, 2026 / 12:18 am IST
Published Date: July 23, 2026 12:18 am IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा कथित तौर पर भारत की ओर से जेनेरिक दवाओं पर अमेरिका के प्रस्तावित शुल्क (टैरिफ) वृद्धि के मुद्दे को नहीं उठाने के किये गए दावे को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने ‘‘अच्छे मित्र’ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने की कोशिश का एक और उदाहरण है।

रमेश ने सोशल मीडिया पर मनीला में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ अपनी मुलाकात पर रुबियो की टिप्पणी का एक वीडियो क्लिप साझा किया।

रुबियो से जब पूछा गया कि क्या बैठक में जेनेरिक दवाओं पर शुल्क बढ़ाने का मुद्दा उठाया गया था, तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद थी कि उन्हें इसकी चिंता होगी। लेकिन उन्होंने आज यह मुद्दा नहीं उठाया, हो सकता है कि उन्होंने हमारे तंत्र में किसी और के साथ इस पर बात की हो।’’

रमेश ने साझा वीडियो क्लिप के साथ लिखा, ‘‘यह प्रधानमंत्री द्वारा अपने अच्छे मित्र राष्ट्रपति ट्रंप को खुश करने का एक और उदाहरण है।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को देश में ही दवा बनाने की योजना का ऐलान किया। इसके तहत, आयातित जेनेरिक दवाओं पर शुल्क को दो साल तक शून्य रखा जाएगा, फिर अगस्त 2028 में इसे बढ़ाकर 100 प्रतिशत और उसके बाद 200 प्रतिशत कर दिया जाएगा। अमेरिका के इस कदम का असर भारत पर पड़ सकता है।

भारत अमेरिका को जेनेरिक दवाओं का सबसे बड़ा निर्यातक है।

भाषा धीरज रंजन

रंजन


लेखक के बारे में