राज्यसभा ने प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी

राज्यसभा ने प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी

राज्यसभा ने प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी
Modified Date: July 23, 2026 / 04:16 pm IST
Published Date: July 23, 2026 4:16 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) राज्यसभा ने देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले दिनों बारिश सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी।

उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि जून और जुलाई के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, भूस्खलन जैसी आपदाओं में कई लोगों की जान चली गई।

उन्होंने कहा, ‘‘माननीय सदस्यों, जैसा कि आपको ज्ञात होगा, देश में जून और जुलाई के दौरान विशेष रूप से असम, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर, केरल, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बाढ़, वज्रपात और भूस्खलन जैसी संबंधित आपदाओं में कई लोगों की जान चली गई और अनेक लोग इससे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।’’

सभापति ने कहा, ‘‘इससे संपत्ति, फसलों और सार्वजनिक ढांचागत सुविधाओं को भी बड़े पैमाने पर क्षति पहुंची है। इनसे क्षेत्रों की वनस्पति और जीव-जंतु भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि संबंधित सरकारें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के कुशल सहयोग से बचाव और राहत कार्यों में लगी हैं।

राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘बहुमूल्य जीवन की क्षति और लोगों का घायल होना निश्चित ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सदन मेरे साथ शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता है तथा घायलों और प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके पुनर्वास की प्रार्थना करता है।’’

इसके बाद सदस्यों ने इन प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों के सम्मान में अपने स्थानों पर खड़े होकर कुछ क्षणों का मौन रखा।

भाषा अविनाश मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में