शबरिमला सोना चोरी मामला : एसआईटी ने मुख्य आरोपी से आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की

शबरिमला सोना चोरी मामला : एसआईटी ने मुख्य आरोपी से आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की

शबरिमला सोना चोरी मामला : एसआईटी ने मुख्य आरोपी से आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की
Modified Date: June 27, 2026 / 01:08 pm IST
Published Date: June 27, 2026 1:08 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 27 जून (भाषा) शबरिमला मंदिर से कथित रूप से सोना गायब होने के मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मामले के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी से आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी ने शुक्रवार को यहां पुलिस मुख्यालय में पोट्टी से पूछताछ की।

उन्होंने बताया कि पोट्टी सुबह जांच दल के समक्ष पेश हुआ और शाम तक उससे पूछताछ की गई।

सूत्रों ने कहा कि अदालत में अगले सप्ताह अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने से पहले जांच के अंतिम चरण के तहत यह पूछताछ की गई।

एसआईटी ने हाल ही में अदालत को बताया था कि द्वारपालक (मंदिर के द्वार के रक्षक देवता) की मूर्तियों तथा श्रीकोविल (गर्भगृह) के सोने से मढ़ी चौखटों से कथित रूप से सोना गायब होने से जुड़े दोनों मामलों की जांच पूरी हो चुकी है और वह जल्द ही आरोपपत्र दाखिल करने के लिए तैयार है।

पोट्टी इन दोनों मामलों में मुख्य आरोपी है।

जांच के दौरान एसआईटी ने उसे गिरफ्तार किया था। बाद में तीन महीने से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद उसे वैधानिक जमानत मिल गई थी।

मंदिर की सोने से मढ़ी मूर्तियों पर दोबारा सोने की परत चढ़ाने का खर्च पोट्टी ने ही उठाया था। इसके लिए इन मूर्तियों को वर्ष 2019 में इलेक्ट्रोप्लेटिंग के लिए चेन्नई की एक कंपनी को भेजा गया था।

एसआईटी को संदेह है कि दोबारा सोने की परत चढ़ाने की प्रक्रिया के दौरान इन मूर्तियों की सोने की परतों से कथित रूप से सोना निकाल लिया गया था।

पिछले वर्ष केरल उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को कथित सोना गायब होने के मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया था।

भाषा गोला रंजन

रंजन


लेखक के बारे में