नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) साकेत में इमारत ढहने की घटना की जांच से सामने आ रहे नये विवरण से पता चलता है कि 30 मई को हुए हादसे के मुख्य कारण कथित तौर पर अवैध निर्माण और वित्तीय लाभ थे। पुलिस का दावा है कि इमारत के मालिक की दो और मंजिल बनाने की योजना थी।
सूत्रों के अनुसार, घटना के सिलसिले में गिरफ्तार भवन मालिक कर्मवीर (71) ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह भवन की चारों मंजिलों से लगभग 10 लाख रुपये प्रति माह कमा रहा था। बताया जाता है कि प्रत्येक मंजिल लगभग 2.5 लाख रुपये प्रति माह के किराये पर दी गई थी।
जांच में पता चला है कि इमारत ढहने के समय दो अतिरिक्त मंजिल निर्माणाधीन थीं। सूत्रों ने बताया कि कर्मवीर ने प्रस्तावित मंजिलों के बारे में संभावित खरीदारों और निवेशकों से पहले ही बातचीत कर ली थी, जिनसे उसे प्रति माह पांच लाख रुपये की अतिरिक्त आय होने की उम्मीद थी।
मंगलवार को मलबा हटाने के अभियान के दौरान, पुलिस ने घटनास्थल से कई बिजली मीटर जब्त किए, जो कर्मवीर के नाम पर पंजीकृत थे।
अधिकारियों का मानना है कि ये मीटर इमारत के स्वामित्व को स्थापित करने और निर्माण के लिए जिम्मेदारी तय करने में महत्वपूर्ण दस्तावेजी सबूत के रूप में काम कर सकते हैं।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष