नोएडा, दो सितंबर (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना बादलपुर क्षेत्र की एक कॉलोनी में मंगलवार रात को छत से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
थाना बादलपुर के प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि बुलंदशहर जिले के रहने वाले चंद्र प्रकाश ने अपनी बेटी रचना की शादी एक साल पहले बादलपुर कोतवाली क्षेत्र की द्वारका सिटी कॉलोनी में रहने वाले आकाश से की थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे और मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने मंगलवार रात को रचना को छत से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सं सुरभि
सुरभि