संजय झील हादसा: डूबते दोस्त को बचाने पानी में उतरे दो युवक, तीनों की मौत
संजय झील हादसा: डूबते दोस्त को बचाने पानी में उतरे दो युवक, तीनों की मौत
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली की संजय झील में डूब रहे अपने दोस्त को बचाने के लिए दो युवकों ने पानी में छलांग लगी दी, लेकिन सफल नहीं हुए और तीनों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे पांडव नगर थाना क्षेत्र में हुई, जब आशीष नौटियाल (21), साहिल (22) और सौरभ (21) एक साथ संजय झील गए थे।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आशीष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब उसके दोस्तों ने उसे पानी में डूबते देखा, तो उन्होंने उसे बचाने के प्रयास में झील में छलांग लगा दी, लेकिन वो दोनों भी डूब गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। तलाशी अभियान के बाद तीनों युवकों के शवों को झील से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और डूबने की वजह बनी परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है। आशीष के पिता ने ‘ पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ संजय झील गया था जहां वह डूब गया। उन्होंने कहा, ‘हमें नहीं पता कि असल में क्या हुआ। लेकिन मैंने अपना बच्चा खो दिया है।’
घटना की सूचना मिलने के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरी ओर, झील के रख-रखाव के लिए जिम्मेदार दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि नगर निकाय एजेंसी द्वारा किए गए अवैध रेत खनन के कारण झील गहरी हो गई है।
डीडीए ने कहा कि उसने इस स्थल पर न तो कोई रेत खनन किया है और न ही इसकी अनुमति दी है।
डीडीए ने कहा कि स्थल पर उचित सुरक्षा उपाय मौजूद थे, जिनमें चेतावनी बोर्ड और जल निकाय के चारों ओर बनाई गई सुरक्षा दीवार शामिल है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


