पंजाब में सरपंच की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

पंजाब में सरपंच की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

पंजाब में सरपंच की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: July 22, 2026 / 04:53 pm IST
Published Date: July 22, 2026 4:53 pm IST

होशियारपुर, 22 जुलाई (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में हमलावरों के एक समूह ने एक गांव के सरपंच पर कथित तौर पर धारदार हथियारों से हमला किया और फिर उन्हें कई बार कार से रौंदा, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आनंदगढ़ गांव में मंगलवार रात हुई घटना के सिलसिले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आनंदगढ़ गांव के सरपंच सतपाल उर्फ ​​मिंटू पर उस समय हमला किया गया, जब रोहित नाम का एक ग्रामीण उनके घर पहुंचा और दावा किया कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं और उसे अपनी हत्या होने का डर है।

पुलिस के अनुसार, सतपाल ने रोहित को अपने घर में पनाह दे दी। हालांकि, उसने बताया कि कुछ ही देर बाद पांच-छह लोग कार से सतपाल के घर पहुंचे और उनमें से तीन ने उनपर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान कार चालक ने सतपाल को टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर दो-तीन बार उनके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। उसने बताया कि जब आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे, तो हमलावर हथियार वहीं छोड़कर भाग गए।

पुलिस के मुताबिक, सतपाल का बेटा राहुल उन्हें अस्पताल ले जा रहा था, तभी हमलावरों के एक और गुट ने इलाहाबाद गांव के पास उनकी कार को रोक लिया।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने चालक की तरफ का दरवाजा खोलने की कोशिश की और धारदार हथियारों से गाड़ी पर हमला किया, लेकिन राहुल किसी तरह सदर पुलिस थाने पहुंचने में कामयाब रहा।

पुलिस के अनुसार, राहुल ने पुलिस की मदद से सतपाल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सदर थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह मल्ही ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में