तमिलनाडु उपचुनाव: टीवीके ने उम्मीदवार उतारे, द्रमुक से सीधा मुकाबला तय

तमिलनाडु उपचुनाव: टीवीके ने उम्मीदवार उतारे, द्रमुक से सीधा मुकाबला तय

तमिलनाडु उपचुनाव: टीवीके ने उम्मीदवार उतारे, द्रमुक से सीधा मुकाबला तय
Modified Date: September 10, 2026 / 03:25 pm IST
Published Date: September 10, 2026 3:25 pm IST

चेन्नई, 10 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने विधानसभा की दो सीटों पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए, जिसके साथ ही उसका मुख्य प्रतिद्वंद्वी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ सीधा चुनावी मुकाबला तय हो गया है। अन्ना द्रमुक के भी इस चुनावी मैदान में उतरने की उम्मीद है।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में टीवीके ने सहयोगी दलों की मदद से राज्य में अपनी पहली सरकार बनाई। इसके बाद यह राज्य में होने वाला पहला चुनावी मुकाबला होगा।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान में टीवीके के संस्थापक और मुख्यमंत्री विजय ने पूर्व अन्ना द्रमुक विधायकों के. मरकतम कुमारवेल और पी. सत्यबामा को क्रमशः मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों से उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों सीटों का प्रतिनिधित्व वे टीवीके में शामिल होने से पहले करती थीं।

कुमारवेल और सत्यबामा ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में क्रमशः इन दोनों सीटों से अन्ना द्रमुक उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ टीवीके का दामन थाम लिया था।

कुमारवेल और सत्यबामा के इस्तीफे के बाद दोनों विधानसभा सीटें रिक्त हो गई थीं।

कुमारवेल टीवीके की उपमहासचिव हैं, जबकि सत्यबामा पार्टी की तिरुप्पुर दक्षिण-पूर्व जिला सचिव हैं। टीवीके के सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं को टीवीके के टिकट पर दोबारा उम्मीदवार बनाकर सत्तारूढ़ पार्टी का लक्ष्य इन आरक्षित सीटों पर उनके मौजूदा स्थानीय जनाधार का लाभ उठाना और सरकार बनने के बाद अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करना है।

विजय ने एक बयान में कहा कि दोनों आरक्षित सीटों पर उपचुनाव ‘‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’’ के बैनर तले लड़ा जाएगा। बुधवार को गठबंधन के नेताओं की बैठक के बाद इसका यही नाम तय किया गया है। इसमें कांग्रेस और एमडीएमके समेत अन्य दल शामिल हैं।

द्रमुक ने मदुरांतकम सीट से अधिवक्ता आई. पारंदामन को उम्मीदवार बनाया है। वह मदुरांतकम से पूर्व विधायक भी रह चुके हैं। वहीं, धारापुरम सीट से एस. सुगन्या को उम्मीदवार बनाया गया है।

अन्ना द्रमुक के सूत्रों ने बताया कि पार्टी आगामी उपचुनावों के लिए अपनी रणनीति जल्द तय करेगी। संभावित उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी कई विकल्पों पर विचार कर रही है। उसने दोनों सीटों से चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन भी आमंत्रित किए हैं।

पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जोरदार जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करने का आह्वान करते हुए विजय ने कहा, ‘‘मैं पार्टी के सभी पदाधिकारियों और साथियों से विनम्र अनुरोध करता हूं कि वे हमारे उम्मीदवारों की जीत के लिए वोट जुटाने में जुट जाएं। हमारा एकमात्र उद्देश्य जीत होना चाहिए और यह जीत ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण होनी चाहिए।’’

भारत निर्वाचन आयोग ने दोनों सीटों पर छह अक्टूबर को मतदान और नौ अक्टूबर को मतगणना कराने का कार्यक्रम तय किया है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही आने वाले दिनों में दोनों क्षेत्रों में चुनाव प्रचार तेजी से जोर पकड़ने की उम्मीद है।

कुमारवेल ने चेंगलपट्टू जिले की मदुरांतकम सीट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने उस समय अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को हराया था, जो टीवीके से थे। इसी तरह, सत्यबामा ने धारापुरम (तिरुप्पुर जिला) विधानसभा क्षेत्र में द्रमुक की इंदिराणी टी. को हराया था।

इस बीच, कुमारवेल ने टीवीके सरकार के प्रदर्शन के दम पर मदुरांतकम से जीत का भरोसा जताया।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में