सतीशन ने मंत्री को चोट आने को लेकर विवाद के बीच माकपा से हिंसा समाप्त करने की मांग की

Ads

सतीशन ने मंत्री को चोट आने को लेकर विवाद के बीच माकपा से हिंसा समाप्त करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 03:56 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 03:56 PM IST

पथनमथिट्टा (केरल), 27 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. डी. सतीशन ने कन्नूर रेलवे स्टेशन पर केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के विरोध प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज के कथित रूप से घायल होने से जुड़े विवाद के सिलसिले में माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा की गई हिंसा को अविलंब समाप्त करने की शुक्रवार को सत्तारूढ़ पार्टी से मांग की।

सतीशन ने यहां राज्यव्यापी रैली के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी और उसके सहयोगी संगठन इस ‘‘झूठे दावे’’ के आधार पर हिंसा फैला रहे हैं कि मंत्री पर केएसयू कार्यकर्ताओं ने हमला किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य क्षेत्र में उभरी समस्याओं का समाधान तलाशने के बजाय, यह हिंसा जनता का ध्यान भटकाने की साजिश का हिस्सा है। लेकिन यह प्रयास अब विफल हो चुका है।’’

सतीशन ने आरोप लगाया कि माकपा के नेता अभी भी अपने समर्थकों को हिंसा करने के लिए उकसा रहे हैं।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘आग से मत खेलो। इसे रोकना होगा।’’ उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी से अपने कार्यकर्ताओं पर नकेल कसने का आह्वान किया।

सतीशन ने यह भी मांग की कि मंत्री को कथित तौर पर घायल करने के आरोप में पांच केएसयू कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामला वापस लिया जाए।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हत्या के प्रयास का आरोप वापस लिया जाना चाहिए। हम इस मामले का राजनीतिक और कानूनी रूप से सामना करेंगे। लेकिन हिंसा का अंत होना चाहिए।’’

उन्होंने दावा किया कि केरल के लोगों को यह एहसास हो गया है कि कथित हमला ‘‘फर्जी’’ था।

उनके अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच भी हमले को साबित नहीं कर सकी।

सतीशन ने आरोप लगाया कि कन्नूर रेलवे स्टेशन के पहले प्लेटफार्म पर केएसयू के विरोध प्रदर्शन के बाद, मंत्री तीसरे प्लेटफार्म पर चली गईं, जहां उन्होंने दर्द होने का नाटक किया।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल के लोग सब कुछ समझ गए हैं।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने प्रदर्शन के दौरान जॉर्ज के कथित रूप से घायल होने से जुड़े विवाद को लेकर माकपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह घटना एक नाटक था।

चेन्निथला ने कहा कि माकपा प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन और मंत्री ‘‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार’’ के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

कांग्रेस और उसकी छात्र इकाई केएसयू कथित चिकित्सकीय लापरवाही की घटनाओं के विरोध में राज्य भर में प्रदर्शन कर रही है। कन्नूर रेलवे स्टेशन पर ऐसे ही एक प्रदर्शन के दौरान मंत्री को कथित तौर पर चोटें आई थीं।

मंत्री जॉर्ज को कन्नूर के परियारम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई और बाद में तिरुवनंतपुरम ले जाया गया।

इसी बीच, परियारम मेडिकल कॉलेज की एक नर्स ने मंत्री के साथ एक ‘सेल्फी’ अस्पताल से पोस्ट की, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उसकी आलोचना हुई।

नर्स स्मिता पीसी ने बाद में फेसबुक पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि मंत्री को गर्दन में तेज दर्द और उच्च रक्तचाप की शिकायत थी।

उन्होंने कहा कि आईसीयू कर्मी ने तस्वीर लिये जाने से पहले मंत्री से अनुमति ली थी और यह समर्थन जताने का एक तरीका था।

मंत्री के ‘‘अभिनय’’ करने के आरोपों को खारिज करते हुए, नर्स ने ऐसे दावों को अमानवीय बताया।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश